नारनौल के गांव पांचनौता में एक ट्यूबवेल पर बिजली विभाग की टीम के साथ चेकिंग के लिए पहुंचे दो पुलिस कर्मियों की ग्रामीणों ने रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर टीम को अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार होना पड़ा। बिजली विभाग एक्सईएन, वीआईजी एचपीवी रेवाड़ी के एसडीओ अनिल गुप्ता ने इसकी शिकायत निजामपुर थाने में दी है। पुलिस ने कुछ नामजद तथा 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
बिजली विभाग एक्सईएन वीआईजी एचपीवी रिवाडी के एसडीओ अनिल गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अधिकारियों के आदेश पर शुक्रवार शाम सात बजे उनकी टीम रेड पर थी। टीम में जेई अशोक खत्री, जेई रमेश, जेई अजय कुमार, ईएचसी प्रवीण कुमर, ईएचसी कृष्ण कुमार, ड्राइवर शिवचरण, ड्राइवर तरुण आदि शामिल थे। शाम सात बजे टीम ने गांव पांचनौता में जोराराम के ट्यूबवेल पर छापेमारी की थी जहां पर पोल लगी केबल छत के ऊपर से जाती हुई मिली। ट्यूबवेल पर मीटर आदि नहीं था।
इसके बाद कुछ दूरी पर बद्रीपास के मकान पर लगे मीटर और केबल चेक की। इस दौरान जोराराम का पुत्र जगदीश चेकिंग टीम के साथ बहस करने लगा और अपशब्द कहे। मौके पर पहले से ही खड़े 15- 20 महिला और पुरुषों ने ईएचसी प्रवीण और कृष्ण पर हमला कर दिया और दोनों पुलिसकर्मियों को रस्से से बांधकर पिटाई की। ग्रामीणों का गुस्सा देकर टीम के बाकी सदस्य दोनों गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। लगभग 700 मीटर दूरी पर जाकर उन्होंने 112 पर कॉल किया। साथ ही विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवा दिया। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत के आधार पर बद्री, जगदीश, महेंद्र सहित 15-20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।