नारनौल। उपायुक्त डॉ. जयकृष्ण आभीर की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय में अवैध खनन रोकथाम के लिए बनी जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान खनन और क्रशरशर जोन पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि जिला में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कहा कि ओवरलोड पर भी अधिकारी पूरी सख्ती बरतें। अधिकारी फील्ड में जाकर लगातार चालान काटे और लगातार औचक निरीक्षण करें।उन्होंने कहा कि कुछ जगह पर ऐसी सूचना मिल रही है कि कंडम हो चुके वाहनों का इस कार्य में प्रयोग किया जा रहा है। ऐसे में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे लोगों के खिलाफ माइनिंग के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने का मामला भी दर्ज किया जाए। अगर किसी ट्रैक्टर या अन्य वाहन पर कोई नंबर प्लेट नहीं है तथा उनके चेसिस नंबर आदि मिटा दिए गए हैं, उन पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा ऐसे वाहनों को तुरंत जब्त किया जाए।उन्होंने कहा कि इस तरह के वाहनों से हादसा होने का भी अंदेशा रहता है। आमजन की सुरक्षा सर्वोपरी है। ऐसे में ऐसे वाहन रखने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम महेंद्रगढ़ वकील अहमद, नगराधीश डॉ. मंगलसेन, डीएसपी जितेंद्र कुमार, डीएफओ रोहतास सिंह तथा जिला खनन अधिकारी निरंजन के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।