नारनौल। रेवाड़ी-नारनौल रोड पर नीरपुर फ्लाई ओवर के नजदीक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मृतक महिला का नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
राजस्थान के गांव काजड़ा निवासी (50) रामपति मंगलवार अल सुबह कार में सवार होकर रेवाड़ी से नारनौल की तरफ आ रही थी। गांव नीरपुर से पहले कार चालक सिंघाना निवासी सौरभ को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। इसमें महिला व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें राहगीरों की सहायता से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने महिला का मृत घोषित कर दिया जबकि चालक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए शव उन्हें सौंप दिया।