हरियाणा के नारनौल में नारनौल-रेवाड़ी नेशनल हाईवे नंबर-11 पर काठूवास टोल प्लाजा के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक रेवाड़ी से अपने गांव सीकर राजस्थान जा रहे थे। पुलिस ने रविवार को मृतकों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीकर जिला के गांव रामपुरा निवासी 36 वर्षीय इंद्राज और करीब 35 वर्षीय बलराम बाइक पर रेवाड़ी से अपने गांव जा रहे थे। शनिवार रात नेशनल हाईवे नंबर-11 पर गांव काठूवास के पास एक कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने इंद्राज को मृत घोषित कर दिया जबकि बलराम की गंभीर अवस्था के चलते रेफर कर दिया। परिजनों को जब इसकी सूचना लगी तो वह बलराम को रेवाड़ी इलाज कराने के लिए ले गए जहां रविवार को उपचार के दौरान बलराम ने भी दम तोड़ दिया। इस मामले में रेवाड़ी के खोल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंद्राज का नारनौल तथा बलराम का रेवाड़ी सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।