महेंद्रगढ़। नारनौल से दादरी जा रहे एक व्यक्ति से दो महिलाओं ने लिफ्ट लेकर 27 हजार रुपये की नकदी व सोने की चेन चोरी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दी शिकायत में नारनौल निवासी दिनेश ने बताया कि 28 जुलाई को वह दादरी अपनी पिकअप गाड़ी में गैस भरवाने के लिए जा रहा था। वह जब महेंद्रगढ़ के रेलवे पुल के पास पहुंचा तो उसकी गाड़ी में कुछ आवाज आई, वह जांच के लिए नीचे उतरा था। उसी स्थान पर दो महिलाएं खड़ी थी। महिलाएं जबदस्ती उसकी गाड़ी में बैठ गई। लेकिन थोड़ी दूरी पर छोड़ने की विनती करने के बाद वह महिलाओं को बैठाकर चल पड़ा।
जब वह गांव पाली से कुछ दूरी पर पहुंचा तो दोनों महिलाएं उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगी। बार-बार मना करने के बावजूद भी अश्लील हरकतों से बाज नहीं आई तो उसने उन्हें गाड़ी से नीचे उतार दिया। जब वह गांव आकोदा पहुंचा तो उसके गले से सोने की चेन व जेब में रखी 27 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। पुलिस ने दिनेश के बयान पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।