महेंद्रगढ़। चोर सीएसडी कैंटीन के सामने से गांव बेरी निवासी एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की से दो लाख रुपये चोरी कर ले गए। बदमाशों ने महज 90 सेकंड के समय में ही बाइक की डिक्की से पैसे चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीएसडी कैंटीन के सामने स्थित दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। पीड़ित गांव बेरी निवासी सुबे सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पशुओं का डाॅक्टर है। इस समय उसकी तैनाती गांव बवानियां में है। सोमवार दोपहर बाद उसने गांव मुंडिया खेड़ा निवासी महिपाल से दो लाख रुपये शहर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से लेकर पॉलिथीन में लपेट कर बाइक की डिक्की में रखे थे।
इसके बाद वह सीएसडी कैंटीन के सामने स्थित सब्जी की दुकानों पर सब्जी लेने के लिए रुक गया। इस दौरान बाइक की चाबी बाइक में लगी रह गई। करीब डेढ़ मिनट बाद वापस आकर देखा तो डिक्की में चाबी लगी हुई थी और पैसे गायब थे। पीड़ित सुबे सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सीएसडी कैंटीन के सामने अनेक दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनकी फुटेज के आधार पर आरोपियों का सुराग लग सकता है। पुलिस ने सुबे सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।