नारनौल। क्षेत्र के गांव कोरियावास के पास सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई नारनौल से अपने गांव जा रहे थे, इस दौरान वह कोरियावास के पास पहुंचे तो धानौता निवासी रामकिशन व मारोली निवासी विजय सिंह कोरियावास से अपने गांव की तरफ पैदल जाते मिल गए। उन्हें देखकर रामबीर व सुखबीर ने बाइक रोक ली। इस दौरान एक टाटा गाड़ी ने तेज गति से आते हुए बाइक को टक्कर मार दी। इसकी वजह से रामबीर, सुखबीर व विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से नारनौल के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकाें ने एक भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों को रेफर कर दिया, लेकिन दूसरे भाई ने भी बीच रास्ते में दम तोड़ दिया।
निजामपुर क्षेत्र के गांव धानौता निवासी 30 वर्षीय सुखबीर गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वह सोमवार को अपने घर के लिए बस से आया था, लेकिन नारनौल से उनके गांव के लिए वाहनों की सुविधा नहीं होने पर घर फोन कर अपने 29 वर्षीय भाई रामबीर को बुला लिया। इसके बाद दोनो घर के लिए बाइक से रवाना हो गए। जब वह कोरियावास हसनपुर गांव के पास करीब रात के साढे़ नौ बजे पहुंचे तो रास्ते में मारोली निवासी विजय सिंह व धानौता निवासी रामकिशन मिल गए। वह उनसे बात ही कर रहे थे कि इतनी देर में एक टाटा गाड़ी आई और टक्कर मार दी। इसमें रामबीर, सुखबीर व विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुखबीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रामबीर व विजय सिंह को रेफर कर दिया, लेकिन रामबीर ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं विजय सिंह का जयपुर में उपचार चल रहा है। उधर वाहन चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। मंगलवार सुबह दोनों भाइयों का चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अविवाहित थे।
मृतक के परिजनों ने वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
-रविंद्र, सदर थाना प्रभारी नारनौल।