सतनाली थाना की पुलिस टीम ने गाड़ी चोरी करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान तरुण निवासी बुडीन, शिवम वासी सतनाली के रूप में हुई है। आरोपितों को शनिवार अदालत महेंद्रगढ़ में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपितों को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सतनाली वासी सुनील कुमार ने 7 अप्रैल को सतनाली थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 6 अप्रैल की रात को उसने अपनी गाड़ी सतनाली में गर्ल्स स्कूल के पास खड़ी की थी। जब अगले दिन सुबह गाड़ी वहां पर देखी तो गाड़ी उस स्थान पर नहीं मिली। आसपास पता करने पर पता चला कि रात को कुछ लड़के गाड़ी को धक्का मारकर चोरी करके ले गए। इस सूचना पर सतनाली थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई। सतनाली पुलिस ने चोरी के मामले में कार्यवाही करते हुए कल शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी तरुण को बुडीन से और आरोपी शिवम को सतनाली से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपियों को शनिवार को अदालत महेंद्रगढ़ में पेश किया गया।