कनीना। थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने गांव भोजावास के बस स्टैंड पर एक व्यक्ति पर गोली चलाने के मामले में दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिए हैं। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी जिला जेल भिवानी में हत्या के मामले में बंद थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्रांति निवासी भोजावास और अंकुर उर्फ बोना निवासी भोजावास के रूप में हुई। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपित अंकुर से एक देसी डोगा (बंदूक नूमा) और आरोपी क्रांति से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि क्रांति के खिलाफ पहले भी मारपीट, लड़ाई झगड़े, लूट, हत्या और हत्या का प्रयास के तहत करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा बारह आरोपियों विकास उर्फ सोनी निवासी सुंदरह, ओमप्रकाश भोजावास, संदीप बिरोहड़ थाना साल्हावास झज्जर, शिशनपाल उर्फ टमाटर निवासी ढाणी फोगाट, हेमंत, सोमबीर, अनिल निवासी भोजावास, सतपाल निवासी दुबलधन, सोनू उर्फ जीपीएस निवासी सुंदरह और उमेश निवासी भोजावास को पहले गिरफ्तार किया गया था।
गांव गोमला निवासी सोनू ने गत सितंबर माह में थाना सदर कनीना में शिकायत दी थी कि वह शाम के समय गांव भोजावास के बस अड्डा पर बर्गर खा रहा था। उसने बताया कि उसी समय अंकुर उर्फ बोना वासी भोजावास व क्रांति वासी भोजावास और 9-10 अन्य व्यक्ति पैदल आए और 4-5 लड़के पिस्टल, रिवॉल्वर और देसी कट्टा लिए हुए थे जिन्होंने आते ही शिकायतकर्ता के ऊपर एक दम गोलियां चलानी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अंकुर ने अपने हथियार से एक गोली छाती में मारी तथा क्रांति ने अपने हथियार से एक गोली दाहिनी कोच पर मारी तथा उनके साथियों ने भी गोलियां मारी। जो पीठ पर, हाथ और शरीर पर गोलियां लगी, सभी ने जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि अंकुर व क्रांति के साथ उसकी कुछ दिन पहले मामूली कहासुनी हुई थी, इसी रंजिश के कारण उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से उसे गोलियां मारी थी। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।