नारनौल। साइबर थाना पुलिस ने ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान योगेश निवासी न्यू जनकपुरी दिल्ली और निशांत निवासी न्यू जनकपुरी दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियाें से सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों से 2 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं और उनके फोन जब्त किए गए हैं। आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शिकायतकर्ता पूजा निवासी गांव बुडिन महेंद्रगढ़ हाल अटेली मंडी ने पुलिस ने शिकायत दी थी कि वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांटी पर बतौर नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि उसके पास एक क्रेडिट कार्ड है, जोकि बैंक एप खोलने पर शो नहीं हो रहा था। गत 16 नवंबर को अज्ञात नंबर से कॉल आई और सामने से एक लड़की ने अपना नाम दीक्षा बताते हुए अपने आपको बैंक के क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट की कर्मचारी बताया और कहा कि आपके क्रेडिट कार्ड में कोई इश्यू तो नहीं है। इस पर शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका कार्ड बैंक की एप पर नहीं दिखा रहा है। इसके बाद लड़की ने शिकायतकर्ता को बातों में उलझाकर उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर व ओटीपी पूछकर 99,542 रुपये की ट्रांजक्शन कर उसके साथ फ्रॉड किया। शिकायतकर्ता ने 1930 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत साइबर थाना की टीम के पास पहुंची। टीम ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।