नारनौल। मानक चौक में बीती शाम एक मिठाई की दुकान पर बैठे व्यापारी पर 10 लाख की रंगदारी नहीं देने पर गोली चलाई गई थी। विरोध स्वरूप वीरवार को व्यापारियों ने लामबंद होकर शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का समय आरोपियों को पकड़ने की लिए दिया। वहीं ज्ञापन लेने आए पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से एक दिन का समय देने की बात कही।
विकास अग्रवाल पर गोली चलाने व उसे जान से मारने की धमकी देने के विरोध में वीरवार सुबह अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर सभी व्यापारी आजाद चौक में एकत्रित हुए। यहां व्यापारी पर गोली चलाने की कड़े शब्दों में निंदा की। वहीं व्यापारमंडल के प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल व किशन चौधरी ने कहा कि पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा देने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने में भी विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आचार संहिता लगने के बाद भी व्यापारी पर गोली चलना व भरे बाजार तथा घरों में जाकर महिलाओं की चेन तोड़ना आदि की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर तीन दिन के अंदर पुलिस ने दोषियों को नहीं पकड़ा तो आगे व्यापारियों की हड़ताल अनिश्चित काल के लिए शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद सभी व्यापारी प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय तक गए, इस दौरान उन्होंने बीच-बीच में खुली दुकानों को भी बंद करवाया।
लघु सचिवालय में ज्ञापन देने तक महाबीर मार्ग, पुल बाजार, मानक चौक, आजाद चौक व बजाजा बाजार बंद रहा। परंतु ज्ञापन देने के बाद केवल मानक चौक, आजाद चौक व हलवाई बाजार ही पूरी तरह से बंद रहे। लघु सचिवालय में पहुंचने के बाद भी वहां व्यापारियों ने काफी देर तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद स्वयं पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा व्यापारियों के बीच ज्ञापन लेने आए और उन्होंने व्यापारियों से कहा कि उन्होंने दोषियों को पकड़ने के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है और एक दिन के अंदर सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। व्यापारियों ने पीड़ित दुकानदार को सुरक्षा प्रदान करने की पुलिस अधीक्षक से मांग की। पुलिस अधीक्षक द्वारा आश्वासन मिल जाने के बाद सभी व्यापारी वहां से वापस लौटे।
कांग्रेसी नेता भी पहुंचे व्यापारियों के बीच
कांग्रेस के आधा दर्जन से अधिक कांग्रेसी नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व आईएएस कांग्रेस के नेता विकास यादव, कांग्रेस के नेता संजय पटिकरा, पूर्व सेशन जज राकेश यादव, कांग्रेस नेता प्रदीप यादव, कांग्रेस के नेता दिनेश शर्मा उर्फ पलाराम, डा. राज सुनेश तथा आप नेता रविंद्र मटरू आदि शामिल रहे।
बार एसोसिएशन में भी रहा वर्क सस्पेंड
व्यापारी पर गोली चलाने व रंगदारी मांगने के विरोध में बार एसोसिएशन ने भी वर्क सस्पेंड रख अपना विरोध जताया। जिस व्यापारी विकास अग्रवाल पर गोली चली उसका बड़ा भाई मोहित अग्रवाल वकील है, इसके चलते सभी वकीलों में भी इस घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त रहा।