नारनौल। नांगल चौधरी क्षेत्र में मारपीट करने और हथियार के बल पर पैसे छीनने के मामले में थाना नांगल चौधरी की पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बिजेंद्र उर्फ बिल्लू वासी नांगल दर्गु, सत्यवीर उर्फ सतीश उर्फ सत्ता वासी जैनपुर और रामबीर उर्फ बल्ला वासी लुजोता के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विकास वासी छापड़ा बीबीपुर ने थाना नांगल चौधरी में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि शाम के समय वह गांव के बाहर की ओर से घूमकर वापिस आ रहा था, तभी एक बोलेरो कैंपर गाड़ी उसके पास रुकी, जिसमे बैठे हुए लोगों ने उसे बंदूक दिखाकर उसके पास से रुपए छीन लिए और मारपीट करने लग गए। शिकायतकर्ता ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। शिकायतकर्ता ने नामजद के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।