नारनौल। सरकारी कार्य में बाधा डालने और छप्पर-झोपड़ी में आग लगाने के मामले में कार्रवाई करते हुए अटेली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपियों ने अवैध कब्जा हटवाने के लिए गई प्रशासन की टीम के कब्जा कार्रवाई में बाधा डाली और छप्पर-झोपड़ी में आग लगा दी थी। खंड विकास व पंचायत अधिकारी अटेली नांगल की शिकायत पर थाना अटेली में आठ नामजद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत महासर में अवैध कब्जे को लेकर 6 जून को ग्राम पंचायत महासर में कब्जा कार्रवाई की जानी निश्चित हुई। जब वह करीब 11 बजे ग्राम पंचायत महासर में मौके पर पहुंचे तो वहां पर विपिन कुमार पटवारी, ताराचंद ग्राम सचिव, मंजू सरपंच ग्राम पंचायत महासर, पुलिस बल और उपरोक्त अवैध कब्जाधारी व उसका परिवार तथा अन्य ग्रामवासी मौजूद थे। इसके बाद कब्जा कार्रवाई शुरू हुई। आरोपियों ने इसका विरोध कर गाली गलोज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। इसके बाद उन लोगो ने अपने छप्पर-झोपड़ी में आग लगा दी थी।