संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोक सभा के पूर्व प्रत्याशी रहे गांव झूक निवासी बलवान फौजी को अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है।
शनिवार को बलवान फौजी ने सदर थाना महेंद्रगढ़ में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी व पुलिस सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। साथ ही पुलिस कर्मचारी की तैनाती भी सुरक्षा के लिए कर दी गई है।
बलवान फौजी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसके साथ अभद्रता करते हुए उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी देते हुए कहा कि उसके पास इस प्रकार की बंदूकें हैं जो दूर से निशाना लगा सकती हैं, दस मिनट में ही शूट करा सकता हूं, हमारा बहुत बड़ा गिरोह है। बलवान फौजी ने पुलिस को कॉल रिकार्डिंग उपलब्ध कराते हुए मामले में शीघ्रता से कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित की सुरक्षा में एक पुलिस कर्मचारी की तैनाती कर दी है। इस मामले में डीएसपी जमाल खान की ओर से पीड़ित से पूछताछ कर शीघ्रता से आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।