महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ में 9 से 10 अप्रैल को अपना वार्षिक टैकफेस्ट अद्विक आयोजित करने जा रहा है। टैकफेस्ट की वेबसाइट का अनावरण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने किया। वेबसाइट के माध्यम से विद्यार्थी अद्विक के लिए पंजीकरण ऑनलाइन करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि आज के समय में तकनीक हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है और इसके बिना जीवन की कल्पना करना कठिन है। विश्वविद्यालय में इस तकनीकी महोत्सव का आयोजन विद्यार्थियों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है जो कि विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान और कौशल में रुचि लेने के लिए प्रेरित करेगा। दो दिवसीय इस आयोजन में 15 प्रतियोगिताएं, 10 वर्कशॉप और एक्सपर्ट टॉक्स सहित कुल 45 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। अद्विक के इस संस्करण में 10 नए इवेंट्स जोड़े गए हैं, जिसमें 36 घंटे तक लगातार चलने वाले हैकथॉन सोल्व 4 प्लेनेट हैकथॉन भी शामिल है। इसका उद्देश्य धरती से जुड़ी वर्तमान एवं आने वाली चुनौतियों के लिए समाधान खोजना है। इसके अलावा आयोजन में नए एआई टूल्स जैसे चैट जीपीटी के उत्तम प्रयोग के लिए वर्कशॉप भी आयोजन होगा।
स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसओईटी) के डीन प्रो. फूल सिंह ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की तकनीकी क्षमताओं का विकास करना और नई ऊर्जा व दिशा प्रदान करना है। अभी तक इस आयोजन के लिए 60 से ज्यादा संस्थानों के लगभग 4 हजार विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है।
कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख प्रो. राकेश कुमार और कोऑर्डिनेटर डॉ. नितिन गोयल ने कहा कि यह टैकफेस्ट हकेवि के विद्यार्थियों के साथ-साथ देशभर के विद्यार्थियों के लिए टेक्नोलॉजी के महत्व को समझने और इनके सार्थक प्रयोग के लिए प्रेरित करेगा। यह आयोजन विद्यार्थियों के साथ साथ आमजन को भी बिना पर्यावरण को नुकसान किए बिना उपयोग में आने वाली तकनीक को समझने एवं उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा ।