फोटो नंबर-06अनाज मंडी की रामलीला का रिबन काट कर शुभारंभ करते महंत बालकनाथ महाराज ।
नारनौल। अनाज मंडी स्थित श्रीकृष्णा ड्रामेटिक क्लब के रंगमंच पर भगवान नारायण सेवा संस्थान द्वारा रविवार रात भगवान राम की लीला के शुभारंभ पर सर्वप्रथम गणेश पूजन किया गया। इसके बाद बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे गुरु रविदास मंदिर महंत बालकनाथ महाराज व समाजसेवी रामकिशोर अग्रवाल ने रिबन काटकर रामलीला के मंचन का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
रामलीला कमेटी की तरफ से सभी अतिथियों व गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि महंत बालकनाथ महाराज ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला हमें सदमार्ग पर चलने की शिक्षा देती है। उन्होंने लोगों को भगवान राम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने बताया कि 29 सितंबर से शुरू हुई मर्यादा पुरुषोत्तम राम की लीला का मंचन 13 अक्तूबर तक चलेगी। रामलीला के मंच पर प्रथम दिन शिव पार्वती संवाद, वेदवती व श्रवण कुमार की लीला का मंचन किया गया। इसमें शिव का किरदार नवीन सिंगल, पार्वती का अरविंद सैनी, रावण का नरेश तायल, नंदी का भारत भूषण तायल ने, दशरथ का जोगिंदर बिल्ला, श्रवण कुमार का डॉ. ओम प्रकाश सैनी ने, मामा मारिच का जगदीश बिल्ला ने तथा वेदवती का मनोज निर्मल ने सुंदर अभिनय किया। इस अवसर पर धार्मिक रामलीला ट्रस्ट चांदूवाडा कि कार्यकारिणी से प्रधान संजय गर्ग, जगदीश शर्मा, बलवान सैनी, विनोद सराफ और मनमोहन सोनी भी मौजूद रहे।