गांव बाघोत में मछलियों को आटा डालने गए मां-बेटे को पीछे से सांड़ ने टक्कर मार दी जिसके चलते दोनों जोहड़ में डूब गए। आसपास के लोगों ने मां को बचा लिया लेकिन बेटे की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के बड़े भाई गांव बाघोत निवासी सारांश ने बताया कि रविवार को बाघेेश्वरी धाम के पास स्थित जोहड़ में मछलियों को आटा डालने के लिए मां शर्मिला के साथ उसका भाई हर्ष(18) गया था। जब हर्ष व मां जोहड़ की सीढ़ियों पर खड़े होकर आटा डाल रहे थे तो पीछे आए एक सांड़ ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों जोहड़ में गिरने से डूबने लगे। शोर सुनकर आसपास खड़े लोगों ने मां शर्मिला को बचा लिया लेकिन उसका भाई जोहड़ की गहराई में फंस गया। उसके भाई हर्ष को तैरना नहीं आता था जिससे पानी में डूब गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से हर्ष को बाहर निकालकर उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सारांश के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।