नारनौल में रविवार देर शाम बदमाशों ने फ्री में कपड़े नहीं देने पर रेडीमेड कपड़े के शोरूम पर हमला बोल दिया। बोलेरो में सवार होकर आए बदमाशों ने कपड़े के शोरूम के शीशे तोड़ दिए। शीशे तोड़ने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। उक्त घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार निजामपुर रोड पर सांवरिया होटल के साथ मंजू देवी नामक एक महिला ने रेडीमेड कपड़े का शोरूम किया हुआ है। इस शोरूम पर उन्होंने एक मैनेजर रखा हुआ है जो कपड़े सेल का काम करता है। मंजू देवी के अनुसार रविवार शाम को करीब 5:30 बजे उनकी दुकान में चार युवक कपड़े लेने के लिए आए। कपड़े देखने के बाद उन्होंने मैनेजर से कहा कि यह कपड़े पैक कर दें। पैसे मांगने पर उन्होंने पैसे नहीं दिए। इस पर मैनेजर ने कहा कि बिना पैसे दिए वह कपड़े नहीं ले जाने देंगे। बदमाशों ने कहा कि वे फ्री में ही कपड़े लेकर जाएंगे। इसके बाद बदमाश वहां से चले गए तथा वापस लोहे की रॉड और हॉकी लेकर आए। आते ही बदमाशों ने मैनेजर को फिर से कपड़े देने के लिए कहा लेकिन मैनेजर ने जब कपड़े देने से मना कर दिया तो उन्होंने रॉड और हाकी से शोरूम में लगे शीशे को तोड़ दिया। मंजू देवी ने बताया कि मैनेजर ने उनको इस बारे में बताया। जिसके बाद उसने पुलिस को फोन किया। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।