नारनौल। शहर के सुभाष पार्क के साथ से गुजरने वाली सड़क के दिन बहुरने वाले हैं। सड़क के निर्माण के लिए करीब 45 लाख रुपये का बजट पास हुआ है। इसका जल्द ही टेंडर छोड़ने की संभावना है।
बारिश के मौसम में यहां स्थिति ज्यादा खराब हो जाती है। सड़क पर जलभराव होने की वजह से जगह-जगह बने गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं और दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। सड़क निर्माण की मांग कई बार स्थानीय लोग प्रशासन से कर चुके थे, लेकिन अब आगामी सप्ताह तक टेंडर जारी कर जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बजट विधानसभा चुनाव से पहले जारी कर दिया गया था, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण टेंडर जारी नहीं हो सका। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब आचार संहिता समाप्त हो गई है। इसलिए अब अगले सप्ताह तक टेंडर जारी कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। क्योंकि सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और गड्ढों में हमेशा पानी जमा रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने सीवरेज लीकेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग
इस मार्ग पर पेयजल और सीवर लाइन भी लीकेज है, जिस कारण सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ पेयजल और सीवर लाइन लीकेज को भी ठीक किया जाए ताकि भविष्य में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
सुभाष पार्क के नजदीक से जा रही सड़क निर्माण के लिए करीब 45 लाख का बजट पास हुआ है। इसका बजट विधानसभा के चुनाव से पहले पास हो गया था, लेकिन उसके बाद आचार संहिता लगने के कारण टेंडर जारी नहीं किया गया था। आगामी सप्ताह तक टेंडर जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद सड़क के निर्माण प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
सुंदर श्योराण, एक्सईएन नगर परिषद, नारनौल।