बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह के साथ चर्चा करते पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा।
नारनौल। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि बिजली निगम को 3700 करोड़ रुपये के घाटे से निकालकर सरकार मुनाफे में लेकर आई है। लाइन लॉस को 37 फीसदी से घटाकर 11 फीसदी पर लेकर आए हैं। एक फीसदी लाइन लॉस घटने पर निगम को 300 करोड़ रुपये का फायदा होता है। लाइन लॉस को उसी वर्ष सिंगल डिजिट में लेकर आने का लक्ष्य है। वह बुधवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी मकसद से प्रदेश के अनुसूचित जाति के कम्युनिटी सेंटर में 75 फीसदी अनुदान पर सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है जबकि सामान्य जाति के कम्यूनिटी सेंटर में 50 फीसदी अनुदान पर सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के जनसंवाद कार्यक्रम का मकसद ग्रामीणों के बीच रहकर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का फीडबैक लेना है। प्रदेश सरकार ने अंतिम आदमी के उदय के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई है और उनके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रमों में लाभार्थी खुद मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं। प्रजातंत्र में आखिरी आदमी तक पहुंचने का यह अच्छा माध्यम है।
पूर्व शिक्षा मंत्री की बेटी के आवास पर पहुंचे बिजली मंत्री
बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की पुत्री डाॅ. आशा शर्मा के इंपलाइज कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे। यहां पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने उनका स्वागत किया। बिजली मंत्री ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में हरियाणा गुजरात के बाद दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में 5600 गांवों में 24 घंटे बिजली उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाई जा रही है। जल्द ही 6700 गांवों में उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री कैलाश शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, रमेश सैनी, राकेश महता, शिव कुमार महता, श्यामसुंदर गोस्वामी एडवोकेट, डाॅ. आशा शर्मा, गोबिंदहरि एडवोकेट, नवीन शर्मा मौजूद रहे।