नारनौल। 20 अप्रैल को एक बड़ी खगोलीय घटना होने जा रही है। इस दिन इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण होगा। हरियाणा विज्ञान मंच के जिला संयोजक धर्मपाल शर्मा ने बताया कि 20 अप्रैल को इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। दूसरा सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर 2023 शनिवार को लगेगा। इस वर्ष का पहला चंद्र ग्रहण पांच मई 2023 शुक्रवार तथा दूसरा चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर रविवार को लगेगा। 2023 का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल को होगा। हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। यह सूर्य ग्रहण आस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर, पूर्व व दक्षिण एशिया, अंटकार्टिका और हिंद महासागर में दिखाई देगा। इस दिन बड़ा दुर्लभ दृश्य देखने को मिलेगा, क्योंकि सूर्य चन्द्रमा पृथ्वी एक सीध में होंगे। यह सूर्य ग्रहण प्रात:काल सात बजकर चार मिनट बजे शुरू होगा और दोपहर 12-29 बजे तक रहेगा। इस वर्ष दो सूर्य ग्रहण व दो चंद्र ग्रहण लगेंगे और कुल चार ग्रहण लगेंगे। शर्मा ने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सूर्य ग्रहण का महत्व अधिक होता है।