बुजुर्ग महिला से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : Narnol
नांगल चौधरी। नांगल चौधरी के गांव सिलारपुर तोताहेड़ी में बुजुर्ग महिला को अपने ही घर में बहू व बेटे द्वारा बंधक बनाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंची नांगल चौधरी पुलिस ने बुजुर्ग महिला को मेडिकल के लिए अपने साथ ले गई। वहीं बुजुर्ग महिला ने अपनी पुत्रवधू पर खाना न देने व मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग महिला अपने आपको अपने ही घर में बंधक बता रही थी और उसने अपने बेटे व बहू पर आरोप लगा रही थी कि वह उसे पिछले 2 दिन से खाना नहीं दे रहे और उसके साथ मारपीट भी करते हैं। वीडियो में बंधक महिला ने बताया कि बहू ने बीती दिन अपने बेटे को कमरे में बंद कर रखा था। जिसके बाद उसने कमरे का दरवाजा खोलकर पोते को बाहर निकाल लिया। जिसके चलते बहू ने नाराज होकर उसके साथ मार पिटाई की और खाना भी नहीं दिया, बल्कि घर के बाहर मुख्य दरवाजे पर ताला बंद कर घर में ही बंधक बना दिया। बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू व बेटे पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग महिला को कमरे से निकाला और अपने साथ मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर गई। एसआई सुधीर ने बताया कि शिकायत मिली थी कि गांव सिलारपुर तोताहेड़ी में एक बुजुर्ग महिला को उसकी बहू ने कमरे में बंधक बना रखा है और ना ही खाना दे रही है बल्कि उसके साथ मारपीट भी कर रही है। जिसका सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मिला था जिसकी छानबीन करते हुए पहुंचकर बुजुर्ग महिला का मेडिकल करवाया। वहीं बुजुर्ग महिला की शिकायत पर बहू व बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।