महेंद्रगढ़। नगर पालिका कार्यालय में शहरी सरकार की दूसरी साधारण बैठक की गई। बैठक में शहर के नौ मुख्य प्रस्ताव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभी प्रस्तावों पर सहमति जताई गई। बैठक में मुख्य प्रस्तावों में शहर को बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने तथा प्रॉपटी आईडी को खामियों को दुरुस्त कराने के लिए दोबारा से सर्वे कराने जैसे मुद्दों पर मोहर लगी है।
इससे पूर्व नगर पालिका की पहली बैठक में नौ प्रस्तावों पर सहमति जताई थी। उसके बाद 10 मार्च को दूसरी साधारण बैठक हुई। बैठक में प्रधान नहीं पहुंचने पर बैठक रद्द कर दी गई। मंगलवार को बैठक में प्रधान, उपप्रधान, 15 वार्ड पार्षद, सचिव व एमई उपस्थित रहे। मंगलवार को सुबह 11.30 से शुरू होकर 4 बजे तक जारी रही। हाउस की बैठक में पार्षदों ने प्रधान के समक्ष अपनी पीड़ा बुलंद की और शीघ्र शहर के विकास कार्यों को करवाने की बात कही। बैठक में रखे गए सभी एजेंडों पर चर्चा करते हुए एक के बाद 20 से अधिक प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताई।
शहर में नहीं लगी एक भी ईंट
पार्षदों ने पहली बैठक में पास हुए प्रस्तावों के बारे में प्रधान रमेश सैनी और सचिव प्रदीप कुमार से जानकारी मांगी गई। उन्होंने कहा कि अभी तक शहर में एक ईंट भी नहीं लगी है। फिर इस बैठक में अन्य प्रस्ताव पास किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि जिन रोड के प्रस्ताव पहले भी पास हो चुके हैं और रोड बिना बने ही उनके बिल पास कर दिए गए हैं। प्रधान रमेश कुमार ने बताया कि ऐसे मामले को लेकर जांच की जाएगी।
बैठक में पालिका प्रधान रमेश सैनी, पालिका सचिव प्रदीप कुमार, एमई राजेश कौशिक, उप प्रधान मंजू कौशिक, पार्षद सरिता राठी, रजनेश कुमारी, अशोक सैनी, ममता सोनी, मंजू कौशिक, राजेश सैनी, भतेरी देवी, निखिल गुर्जर, देवेंद्र सैनी, सीमा सैनी, शारदा देवी, विष्णु वाल्मीकि, सुरेंद्र खन्ना, सुखबीर यादव तथा सुनील तायल सहित महिला पार्षदों के पति चेतन, राज सैनी, आशी सोनी आदि मौजूद रहे।
इन प्रस्तावों पर लगी मोहर
नगर पालिका शहर में लाल डोरा के तहत आने वाले क्षेत्र का सर्वे करवाकर सभी अस्थायी कॉलोनियों व क्षेत्र को स्वीकृत करवाने, प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए यासी कंपनी द्वारा किए गए सर्वे को रद्द कर नए सिरे से सर्वे करवाकर नई प्रॉपर्टी आईडी बनवाने, शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करवाने के लिए नंदी और गाय को शहर में स्थित गोशालाओं को हर महीने चारे के लिए निश्चित राशि 51 हजार रुपये देकर वहां भेजने, महेंद्रगढ़ नगरपालिका क्षेत्र को बढ़ाकर नगर परिषद बनवाने, बालाजी चौक से जिंदल मेडिकल के सामने होते हुए आंबेडकर चौक तक सड़क मार्ग बनवाने, मोहल्ला महायचान में जलभराव की समस्या को देखते हुए जेट पंप लगाकर डिस्पोजल तक पाइप लाइन बिछाने, बिजली निगम को 33 केवी पावर हाउस बनाने के लिए डुलाना रोड पर बुचियावाली गोशाला के सामने नगरपालिका के लगभग 1 या डेढ़ एकड़ जमीन देने के मामले में भूमि की अदला-बदली करने तथा रेलवे रोड से हटाए गए खोखा व्यापारियों जिनके पास असली पर्ची है उन्हें अस्थायी रूप से ऑटो मार्केट में खोखे रखवाने और इनका किराया तय करने पर अपनी सहमति जताई। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में कंप्यूनिटी हाल, सामुदायिक केंद्र, अधूरे पड़े कार्यों सहित शहर के अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा की ।