महेंद्रगढ़। गांव खेड़ा के पशुपालक नाहर सिंह ने अपनी भैंस 3.61 लाख रुपये में रसूलपुर निवासी किशोरी लाल को बेची है। क्षेत्र में इतनी महंगी भैंस पहली बार बेची गई है। मुर्राह नस्ल की इस भैंस को फूल और रुपये की मालाओं से सजाया गया। गांव खेड़ा के ग्रामीणों ने डीजे पर नाचते गाते तथा गुलाल लगाकर भैंस को विदा किया।
यह भैंस दो साल आठ महीने की है। वर्तमान में भैंस गर्भवती है। अगस्त के अंत उसका पहला ब्यांत होगा। भैंस की मां को पिछले वर्ष 1.65 लाख रुपये बेचा था जो 22 से 23 लीटर दूध देती थी। उसका सिमन जींद के अर्जुन झोटे से करवाया गया था जो कि करोड़ रुपये की कीमत का है। अब इस भैंस का सिमन जींद के सिकंदर झोटे से करवाया गया वो भी करोड़ों रुपये की कीमत का है।
भैंस मालिक रहे नाहर सिंह ने बताया कि उसने भैंस के खाने पर प्रति माह आठ से दस हजार रुपये खर्च करता था। इस मौके पर 1100 रुपये नोटों की माला एवं फूलों की माला डाली गई। इस मौके पर रामनिवास पाटोदा, सुंदर लाल, मास्टर भूरा, राकेश, अमीर सिंह, राजबीर, लालराम, ईश्वर, करतार सहित लगभग दो ग्रामीण उपस्थित रहे।