महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर शनिवार की सुबह बस स्टैंड परिसर में बने पार्क में मिले एक साधु के शव को कूड़े उठाने वाले टैंपो में नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इस पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है।
पुलिस एवं नपा के सफाई कर्मचारियों को साधु का शव पड़ा होने की सूचना लोगों ने दी थी। पुलिस एवं नपा के सफाई कर्मचारियों ने साधु के शव को कूड़ा डालने वाले टेंपो से नागरिक अस्पताल पहुंचाया जिसपर सामाजिक संगठनों ने रोष जताया है। समाजसेवी रामनिवास पाटोदा ने बताया कि साधु-संतों को सभी सम्मान देते हैं। लेकिन पुलिस व सफाई कर्मचारियों द्वारा साधु के शव को कूड़ा डालने वाले टैंपो से अस्पताल पहुंचाना निंदनीय है। क्या पुलिस एवं नपा के पास एंबुलेंस तक की भी व्यवस्था नहीं थी जो एक साधु के शव को कूड़ा डालने वाले टैंपो से लाना पड़ा। लोगों की बार-बार मांग के बावजूद भी सरकार द्वारा महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में एंबुलेंस नहीं दी जा रही हैं।