सतनाली। रेवाड़ी-सादुलपुर रेल लाइन के भविष्य में दोहरीकरण के लिए प्रारंभिक चरण में लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे के लिए टेंडर जारी किया गया है। दोहरीकरण के लिए प्रारंभिक चरण की प्रक्रिया शुरू करने से उम्मीद जगी है कि मंजूरी मिलने के बाद निकट भविष्य में यह लाइन भी डबल हो जाएगी। सिंगल लाइन होने से मालगाड़ी अथवा अन्य गाड़ियों की क्रॉसिंग के कारण अक्सर यात्री गाड़ियों को काफी देर तक स्टेशनों पर खड़ा रखना पड़ता है। दोहरीकरण के बाद यात्री गाड़ियों को क्रॉसिंग के लिए नहीं रोकना पड़ेगा।
बीकानेर मंडल के सीनियर डीसीएम अनिल रैना ने बताया कि इस कार्य के तहत कार्य से संबंधित डिजाइन, ड्राइंग तथा विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) एवं अन्य प्रारंभिक गतिविधियों की डिटेल एस्टिमेट बनाया जाएगा। यह रिपोर्ट तैयार हो जाने के बाद इस रिपोर्ट को उत्तर-पश्चिम रेलवे मुख्यालय में अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा जिसके बाद रेलवे बोर्ड में स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस कार्य के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है। बीकानेर मंडल के सीनियर डीसीएम अनिल रैना के अनुसार रेवाड़ी-सादुलपुर रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे के लिए टेंडर जारी किया गया है। 2 करोड़ 30 लाख रुपये अनुमानित लागत के इस कार्य के तहत कार्य से संबंधित डिजाइन, ड्राइंग व विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) एवं अन्य प्रारंभिक गतिविधियों की डिटेल एस्टिमेट बनाया जाएगा। कार्य को पूरा करने की अवधि 6 माह निर्धारित की गई है।