नारनौल। शहर के मंदिरों में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही है। मोहल्ला संघीवाड़ा स्थित सीताराम मंदिर में धार्मिक संस्था श्रीराम हनुमान गुणगान प्रचार मंडल और श्रीराम मेहंदीपुर बालाजी सेवा संघ की ओर से 23 अप्रैल को सुबह साढ़े पांच बजे हनुमान जन्मोत्सव पर बन रहे विशेष संयोग में हवन का आयोजन किया जाएगा। मंडल के संरक्षक ज्ञानस्वरूप शर्मा ने बताया कि हवन सीताराम मंदिर में सिद्ध सिंदूरी दक्षिण मुखी हनुमान जी के सम्मुख सुबह ब्रह्म मुहूर्त में व हनुमान जन्म के बन रहे विशेष संयोग में सुबह साढ़े पांच बजे किया जाएगा। इस हवन में वह व्यक्ति बैठ सकता है जिस पर शनि की दशा चल रही है या किसी संकट से छुटकारा पाना चाहता है। इसलिए इसमें प्रत्येक व्यक्ति शामिल हो सकता है।
श्री कड़िया वाला हनुमान मंदिर में 23 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर हवन व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के प्रबंधक और पुजारी पंडित नरेंद्र शर्मा ने बताया कि मंदिर में सुबह 9 बजे विद्वान पंडितों की ओर से हवन करवाया जाएगा, जिसमें मुख्य यजमान गोपाल मित्तल व मनीष अग्रवाल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे पूर्ण आहुति के पश्चात भोग व आरती होगी। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा जो की रात्रि तक चलेगा। श्री मेहंदीपुर बालाजी मित्र मंडल की ओर से श्री हनुमान जन्मोत्सव और वार्षिक उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। मंडल के उप प्रधान विष्णु गर्ग ने बताया की 23 अप्रैल वार मंगलवार को प्रात: 11 बजे से अग्रवाल सभा नई मंडी में अमृतमयी भंडारे का आयोजन किया जाएगा एवं शाम 7:30 बजे रात्रि 9 बजे तक सुंदरकांड पाठ का होगा व इसके बाद रात्रि 9 बजे से प्रभु इच्छा तक बालाजी महाराज का जागरण किया जाएगा। इसके अलावा रघुनाथपुरा स्थित फायरिंग रेंज हनुमान मंदिर विशेष आयोजन होगा जहां भक्तों की भारी भीड़ रहेगी। अधिवक्ता चैंबर सोसाइटी की ओर से जिला न्यायालय परिसर में बने हनुमान मंदिर में भी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न मंदिरों में हनुमान जन्मोत्सव पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।