मंडी अटेली। राजकीय कन्या विद्यालय बाछौद में चल रहे छह दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण के चौथे दिन शनिवार को प्राथमिक शिक्षकों को गणित पढ़ाने के सरल और रोचक तरीके सिखाए गए। प्रशिक्षण में अटेली खंड के 95 शिक्षकों ने भाग लिया। मास्टर ट्रेनरों ने गिनतारा, बिंदी कार्ड, संख्या चार्ट तथा कंकड़, बीज और पत्तों से गणित सिखाने की विधियां बताईं। जोड़, घटाव, गुणा, भाग और पहाड़ों को खेल-खेल में सिखाने की गतिविधियां भी करवाई गईं। प्रशिक्षु शिक्षकों विनोद जसवाल, सज्जन सिंह और कुलदीप ने कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें नई तकनीकें सीखने को मिली हैं, जिनसे बच्चों का गणित के प्रति डर दूर होगा। संवाद