नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में तीन से पांच मार्च तक पोलियो दिवस के मौके पर 5 साल तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए ड्रॉप दी जाएगी।
महेंद्रगढ़ में लगभग 1 लाख 5 हजार बच्चों को पोलियो ड्राप देने के लिए 666 बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसी अभियान को लेकर वीरवार को नगराधीश मंजीत कुमार ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। नगराधीश ने बताया कि 3 मार्च को जिला में स्थापित सभी 666 बूथ पर पोलियो से बचाव के लिए 5 वर्ष तक के बच्चों को ड्रॉप दी जाएगी। इसके बाद 4 व 5 मार्च को डोर टू डोर अभियान चलाकर बच्चों को ड्रॉप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान में 605 फिक्स बूथ, 32 ट्रांजिट टीम तथा 29 मोबाइल टीमें होंगी। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए इससे पहले विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लगातार पल्स पोलियो को लेकर रैली निकाली जाए।
उन्होंने कहा कि भले ही वर्ष 2011 के बाद देश में कोई भी पोलियो का मामला नहीं आया है, लेकिन इस अभियान को जारी रखना है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वह 5 वर्ष तक के अपने सभी बच्चों को पोलियो रोधी ड्राप पिलाना ना भूलें। बैठक में सिविल सर्जन डॉक्टर रमेश चंद्र आर्य, डीआइओ डॉ. नरेंद्र कुमार, एसएमओ डॉ. मनु कुमार तथा डीपीएम संदीप मौजूद रहे।