अटेली/नारनौल। गांव मिर्जापुर बाछोद की बेटी तनिष्का के नीट 2022 में ऑल इंडिया टॉप करने पर उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसके अलावा क्षेत्रवासी सोशल मीडिया के माध्यम से भी तनिष्का को बधाई दे रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव और विधायक सीता राम ने तनिष्का के पिता कृष्ण कुमार को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीआरपीएफ से रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट राम अवतार यादव व दादी रेशमी देवी ने बताया कि पोती तनिष्का का बुधवार की शाम को ही फोन आ गया था। जब उसका रिजल्ट सुना तो खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। आज दिनभर गांव के लोग एवं रिश्तेदार उन्हें बधाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर परिवार को बेटियों पर गर्व होना चाहिए। मुझे पर पोती पर गर्व है। उम्मीद है कि वह अच्छी चिकित्सक बनकर देेश सेवा करेगी। तनिष्का की छोटी बहन निष्ठा 9वीं कक्षा में है। वह भी डॉक्टर बनना चाहती है। इसका छोटा भाई शौर्य कक्षा तीसरी में है। उन्होंने बताया कि बच्चों को अपना लक्ष्य स्वयं निर्धारित करना चाहिए और उसी के अनुसार पढ़ना चाहिए, न कि माता पिता द्वारा बनाए गए लक्ष्य के अनुसार। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य बेटियां को भी इस सफलता से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर मास्टर नागेश कुमार, श्याम सिंह, कैलाश चंद, ध्यानचंद सहित अनेक लोगों ने बधाइयां दीं।
तनिष्का ने बताया कि वह चिकित्सक बनना चाहती है। वह चिकित्सक बनकर केवल महेंद्रगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश की सेवा करनी चाहती है। उसने बताया कि वह हमेशा गरीब तबके के मरीजों की सेवा पर हमेशा तत्पर रहेगी। अगर कोई गरीब-असहाय एवं होनहार विद्यार्थी होगा तो वह अपने किताबें उसे दे देंगी।
दादा-दादी को दिया सफलता का श्रेय
तनिष्का के पिता कृष्ण कुमार गांव मिर्जापुर बाछोद के स्कूल में सरकारी अध्यापक हैं। वहीं मां सरिता यादव सीहमा के सरकारी स्कूल में पीजीटी इतिहास की लेक्चरर हैं। तनिष्का ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा सीआरपीएफ से रिटायर्ड डिप्टी कमांडेंट राम अवतार यादव व दादी रेशमी देवी को दिया है। उन्होंने बताया कि उसके ताऊ रमेश कुमार, अधीक्षक भिवानी बोर्ड, बड़े ताऊ सुरेश कुमार यादव निरीक्षक सीआरपीएफ सहित माता-पिता ने पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सोशल मीडिया पर भी छा गई तनिष्का
सोशल मीडिया पर तनिष्का छा गई है। फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि पर उसे बधाइयां दी जा रही हैं। क्षेत्रवासी सामाजिक, धार्मिक, राजनीति से जुड़े लोग सोशल मीडिया अकाउंट पर तनिष्का की फोटो लगाकर उसे बधाई दे रहे हैं, साथ ही गर्व होने की बात की जा रही।