नारनौल। शहर में एक बर्गर बेचने वाले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। जब रेहड़ी के पास खड़े लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस शिकायत में मोहल्ला नई सराय निवासी कैलाश ने बताया कि वह वीरवार को शीतल रेस्टोरेंट के पास बर्गर की रेहड़ी लगा रखी थी। इस दौरान आजाद चौक निवासी राजा सरदार आया और जबरदस्ती रेहड़ी लगाने के रुपये मांगने लगा। जब उसने रुपये देने से मना कर दिया तो मोबाइल छिनने का प्रयास करने लग गया और चाकू से हमला कर दिया। जब उसकी रेहड़ी के पास खड़े प्रशांत सैनी ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो उससे भी मारपीट करने लग गया। वह अन्य ग्राहकों पर भी कुर्सी उठाकर मारने लग गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।