महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय(हकेंवि) में फ्रंटियर्स इन इंडस्ट्रीयल एंड एप्लाइड मैथेमेटिक्स (फियाम)-2022 नामक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस की शुरूआत हुई। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के 100 से अधिक गणितज्ञ, विशेषज्ञ प्रतिभागिता कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के गणित विभाग द्वारा रक्षा अनुसंधान तथा विकास संगठन, केंद्र सरकार व विज्ञान और इंजीनियरिंग अनुसंधान बोर्ड से सहयोग से आयोजित इस कांफ्रेंस के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने आयोजकों की सराहनाकी। उन्होंने कहा कि आज के समय में गणितीय टूल्स का महत्व हर क्षेत्र में देखने को मिलता है। जरूरत है कि इस दिशा में होने वाले प्रयास समाजोपयोगी व उससे संबंधित समस्याओं के निदान पर केंद्रित हों। आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता में समाजोपयोगी शोध की यही सोच निर्णायक भूमिका अदा करेगी।
आयोजन में मुख्यातिथि के रूप में शामिल प्रो. मैथिलीशरण ने विभिन्न क्षेत्रों में गणित और उसके व्यावहारिक प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. केहर सिंह ने विभिन्न स्तर पर जारी विकास और उससे संबंधित गतिविधियों में गणित के प्रयोग और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रो. केआर परदशनी ने कहा कि जीवन और समाज में गणित का महत्व बहुत अधिक है।
जर्मनी से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े प्रो. एसी बेनम ने विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विभिन्न स्तर पर गणित के उपयोग व उपयोगिता को स्पष्ट किया और इसके लिए योजनाबद्ध ढंग से शोध व नवाचार पर जोर दिया। गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश गुप्ता ने बताया कि आयोजन में देश-विदेश के 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर फियाम के सचिव डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने इस आयोजन और इसके पीछे के उद्देश्य से प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में मंच का संचालन सहायक आचार्य डॉ. पिंकी व डॉ. प्रीति ने किया। जबकि कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रो. एके यादव ने किया और विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश गुप्ता ने इस आयोजन की सफलता के लिए प्रो. अनिल यादव, प्रो. फूल सिंह, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. दिनेश कुमार और सांख्यिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कपिल कुमार की सराहना की।