महेंद्रगढ़/सतनाली। जयपुर में श्रीराष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या पर महेंद्रगढ़ क्षेत्र में रोष है। बुधवार को सतनाली क्षेत्र में प्रदर्शन कर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई गई।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी महेंद्रगढ़ क्षेत्र में लगातार अवागमन करते थे। साथ ही राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना संगठन को क्षेत्र में मजबूती प्रदान करने के लिए भी उन्हाेंने काफी प्रयास किए थे। क्षेत्र के लोगों से गहरी पहचान होने के कारण विवाह-शादी कार्यक्रमों में भी अनेक बार शामिल होने जिले में आए थे। बुधवार को क्षेत्र से अनेक लोग जयपुर पहुंचे।
वहीं अनेक सामाजिक संगठनों व राजपूत संगठनों की ओर से वीरवार को शहर के सतनाली चौक पर एकत्रित होने का आह्वान किया गया है। सुखदेव सिंह की हत्या से महेंद्रगढ़ क्षेत्र के राजपूत समाज व सामाजिक संगठनों में रोष है। बुधवार को सतनाली क्षेत्र के लोगों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
गांव जवाहर नगर में हत्याकांड से गुस्साए ग्रामीणों ने सतनाली-लुहारू रोड जाम कर दिया। सतनाली क्षेत्र व गांव जड़वा के ग्रामीणों ने रोड जाम लगा कर कर रोष जताया। वहीं बाजार भी पूर्णरूप से बंद रहे। क्षेत्र के लोग सतनाली में माता जमुवाय मंदिर परिसर में एकत्रित हुए इसके पश्चात खोखा मार्केट से स्कूल ग्राउंड के पास से व रेलवे रोड होते हुए सतनाली उपतहसील में जोरदार नारे लगाते हुए पहुंचे और नायब तहसीलदार को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन साैंपा। इस दौरान आज सर्व समाज इलाका सतनाली से भागीरथ सिंह पूर्व उप जिला प्रमुख, बलबीर सिंह शेखावत, बलबीर सिंह शेखावत, सवाई सिंह राठौड़, दिवान सिंह शेखावत, युवा समाज सेवी फंकीरचंद नांवां, बलराज, रामनिवास, राजेश सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समय पर मिलती पुलिस सुरक्षा तो नहीं होती हत्या
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े घर में घुसकर की गई गई हत्या का मामला राजपूत बाहुल्य क्षेत्रों में उबाल है। बुधवार को इसके विरोध में क्षेत्र के राजपूत समाज के लोगों ने सर्व समाज व सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जमवाय माता मंदिर में घटना के विरोध स्वरूप बैठक का आयोजन किया। इस दौरान सर्व समाज के लोगों ने कहा कि जिन भी असामाजिक तत्वों ने इस कायराना हरकत के माध्यम से सुखदेव सिंह की हत्या की है, उनकी जल्द गिरफ्तारी कर सख्त सजा दी जाए। वक्ताओं ने कहा कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या षड्यंत्र के तहत की गई है तथा इसमें कोई राजनीतिक साजिश भी हो सकती है। गोगामेड़ी की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे बरती गई, इसका जवाब भी पुलिस व प्रशासन को देना होगा। सुखदेव सिंह ने अनेक बार पुलिस सुरक्षा की मांग की थी परंतु उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। यदि उन्हें पुलिस सुरक्षा समय पर दी गई होती तो उनकी जान बच सकती थी। हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की तथा कस्बे के मुख्य बाजारों से विरोध प्रदर्शन करते हुए उप तहसील कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं घटना के विरोध में आज सतनाली कस्बे के बाजार पूरी तरह से बंद रहे तथा बाजार सुनसान नजर आए। इस दौरान भागीरथ सिंह शेखावत, उदय सिंह शेखावत, दीवान सिंह, रामनिवास, उमेद सिंह, प्रदीप, राजेश, राजबीर, शक्ति सिंह, रवि शेखावत, विक्रम सिंह, बीर सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
गांव श्यामपुरा में भी किया प्रदर्शन
गांव श्यामपुरा में भी सर्व समाज के लोगों ने घटना के विरोध में सतनाली-हिसार मार्ग पर जाम लगा दिया व सुखदेव सिंह हत्याकांड को राजनीतिक साजिश बताते हुए नारेबाजी की। जाम के दौरान वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई तथा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा तथा मांग की कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए व असली मास्टरमाइंड का खुलासा होना चाहिए। यदि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए रणनीति तैयार करेंगे। इस मौके पर अजय मोनू श्यामपुरा, अमित कुमार, विकास, अरुण, मोनू शेखावत सहित करणी सेना के सदस्य व सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।