शिक्षा के हब के रूप में विकसित हो चुके जिला के विद्यार्थी आए दिन सफलता के नए शिखर पर पहुंचकर जिलेवासियों को गर्व के अवसर प्रदान कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़ के छह विद्यार्थियों ने देश देश व प्रदेश में जिला के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन किया है। संस्थान के चार विद्यार्थियों ने एक वर्षीय सॉयल टेस्टिंग एंड क्रॉप टेक्नीशियन की ट्रेड में ऑल इंडिया स्तर पर पहले चार स्थानों पर कब्जा किया है। इसके अलावा एमसीईए (मेकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एप्लाइंसिज) ट्रेड से दो विद्यार्थियों ने हरियाणा लेवल पर पहला व दूसरा स्थान प्राप्त कर जिला का गौरव बढ़ाया है।
बता दें कि (एआईटीटी) आल इंडिया ट्रेड टेस्ट के तहत यह परीक्षा अगस्त 2022 में संपन्न हुई थी तथा गत सात सितंबर को इसका परिणाम घोषित किया जिनकी रैंकिंग रविवार को जारी की गई है। इस परीक्षा में महेंद्रगढ़ आईटीआई से आठ विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। सॉयल टेस्टिंग एंड क्रॉप टेक्नीशियन के चार विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया तथा एमसीईए के दो विद्यार्थियों ने हरियाणा में पहले दो स्थानों पर परचम लहराया।
इन विद्यार्थियों ने बढ़ाया है जिले का गौरव
महेंद्रगढ़ आईटीआई ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम दर्ज करवाया है। एक वर्षीय सॉयल टेस्टिंग एंड क्रॉप टेक्नीशियन की ट्रेड में ऑल इंडिया स्तर पर वरुण ने 89.16 अंक लेकर प्रथम स्थान, लक्ष्मी ने 88.83 अंक लेकर द्वितीय, रेणु ने 86.16 अंक लेकर तृतीय व तथा रेणु कुमारी ने 79.16 प्रतिशत अंक प्राप्त चौथा स्थान हासिल किया है जबकि हरियाणा लेवल पर एमसीईए ट्रेड में छात्र नरवीर ने प्रथम तथा प्रदीप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छह विद्यार्थियों ने देश व प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। यह जिले वासियों एवं जिलेभर के प्रशिक्षण संस्थानों के लिए बड़ी उपलब्धि है। संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर टॉप सूची में पहले चार पायदानों पर जिले के विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। यह सब अनुभवी शिक्षकों एवं बच्चों की मेहनत के दम पर संभव हो पाया है।
-विनोद खनगवाल, प्राचार्य, आईटीआई, महेंद्रगढ़।