महेंद्रगढ़। क्षेत्र की छह लाख की आबादी को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 100 बेड के नागरिक अस्पताल व ट्रामा सेंटर के भवन के लिए अभी 10 माह का इंतजार ओर करना पड़ेगा। निर्माण कार्य शुरू हुए 19 माह का समय बीतने के बावजूद भी जिम्मेदार अभी तक 60 प्रतिशत ही निर्माण कार्य पूरा करवा पाए हैं।
बता दें कि 10 जुलाई 2021 को 26 करोड़ रुपये का बजट तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया था लेकिन धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के चलते अभी तक केवल 60 प्रतिशत ही कार्य हो पाया है। ट्रामा सेंटर के प्रथम तल का ही निर्माण कार्य चल रहा है जबकि सात मंजिला भवन का निर्माण कार्य भी अभी तक पांचवीं मंजिल तक ही पहुंच पाया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की माने तो अक्तूबर माह के दौरान एनजीटी के निर्माण कार्यों पर रोक के चलते भी काम प्रभावित रहा था। अब स्वास्थ्य सेवाएं लेने के लिए क्षेत्रवासियों को 10 माह का इंतजार करना होगा। नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में संसाधनों के अभाव के चलते चिकित्सकों के लिए भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना किसी चुनौती से कम नहीं है।
चिकित्सकों का भी अभाव
वर्तमान में नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों सहित विभिन्न पदों पर 159 पद स्वीकृत हैं लेकिन इनमें से 75 पद रिक्त हैं। पर्याप्त भवन एवं संसाधनों के अभाव में अल्ट्रासाउंड, सीआरएस, एमआरआई के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। साथ ही वर्तमान में विभिन्न पदों पर लगे चिकित्सक भी स्टाफ के अभाव व अतिरिक्त कार्य के बोझ के चलते दबाव में काम करने को मजबूर हैं। वहीं लोगों को भी लंबे समय से सुविधाओं का इंतजार है। महेंद्रगढ़, सतनाली व कनीना क्षेत्र के 143 गांवों को करीब छह लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अन्य जिलों में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वर्तमान समय में भवन का अभाव होने के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड सहित अन्य सुविधाओं का भी टोटा बना हुआ है। क्षेत्र में बड़ा अस्पताल नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को रेवाड़ी, गुरुग्राम, भिवानी, जयपुर, रोहतक व दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता है।
निर्माण पूरा होने के बाद ये मिलेंगी सुविधाएं
बता दें कि वर्ष 2019 में क्षेत्र के लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा उप नागरिक अस्पताल में दर्जा बढ़ाकर महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल का दर्जा दिया था। इसके बाद बेहतर सुविधाओं के लिए भवन का अभाव नजर आने लगा तो नए भवन के लिए 26 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली। 10 जुलाई 2021 को नए भवन निर्माण का शिलान्यास का काम शुरू किया गया। इस भवन में आपातकालीन वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट, अल्ट्रासाउंड, डायलिसिस, आधुनिक लैब सहित अन्य सुविधाएं मिलनी आरंभ हो सकेंगी।
नागरिक अस्पताल में जगह के अभाव में क्वार्टरों का सहारा:
नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में जगह का अभाव होने के कारण मजबूरीवश क्वार्टरों में बैठकर मरीजों की जांच करनी पड़ रही है। भवन के अभाव में अनेक सेवाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। वर्तमान में लैब भी पुराने अस्पताल के रिहायशी भवनों में चल रही हैं। मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों को भी उम्मीद है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस सात मंजिला भवन व ट्रामा सेंटर के बनने के बाद लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
अस्पताल के भवन का 60 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। ट्रामा सेंटर का काम भी शुरू किया जा चुका है। प्रथम तल बनकर तैयार है। वहीं अस्पताल की पांच मंजिलों का काम पूरा कर लिया गया है। दिसंबर 2023 तक तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इस समय बड़ी तेजी से काम किया जा रहा है।
- अनिल कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग