नांगल चौधरी(नारनौल)। गांव भुंगारका में पंचायती जमीन पर नींव खोदने के दौरान कब्जाधारी लोगों और सरपंच के बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद सरंपच राजेंद्र की लाइसेंसी बंदूक से गोली चल गई जोकि लक्ष्मीनारायण नामक युवक के पैर में लग गई। इसके बाद घायल युवक को सरकारी अस्पताल नांगल चौधरी में लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन घायल युवक को निजी अस्पताल में लेकर गए। वहीं सूचना की जानकारी मिलने पर डीएसपी जितेंद्र कुमार व थाना प्रभारी रामनाथ पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली जबकि पूछताछ के लिए पुलिस सरपंच राजेंद्र को अपने साथ ले गई।
गांव भुंगारका में कुछ लोगों ने पंचायती जमीन पर पक्का निर्माण कर कब्जा किया हुआ था। पंचायत की तरफ से पंचायती जमीन पर कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिए गए लेकिन कब्जाधारियों ने कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में पंचायती जमीन से कब्जा हटवाया गया था। वीरवार को कब्जा मुक्त जमीन पर चाहरदिवारी करने के लिए सरपंच राजेंद्र की मौजूदगी में नींव खोदाई करने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ कब्जाधारी लोगों ने सरपंच राजेंद्र प्रसाद पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान सरपंच राजेंद्र की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चल गई जो लक्ष्मीनारयण नामक युवक के पैर में लगी। इससे वह घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी जितेंद्र कुमार व थाना प्रभारी ने मौका मुआयना किया और घटना की जानकारी जुटाई। वहीं पूछताछ के लिए सरपंच राजेंद्र प्रसाद को अपने साथ ले गई।
बिना प्रशासन साथ लिए जबरदस्ती मकान तोड़ने और फायरिंग का आरोप
दूसरी ओर घायल लक्ष्मीनारायण ने दिए बयान में बताया कि सरपंच राजेंद्र प्रसाद ने बिना प्रशासन साथ लिए मकान को तोड़ना शुरू कर दिया। उन्होंने पूछा कि जितना कब्जा था, उसे पहले ही तोड़ दिया है लेकिन सरपंच ने बात नहीं सुनी और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच ने निजी रिवाल्वर से गोली चलाई है।
सरपंच के खिलाफ केस दर्ज, जांच करेगी पुलिस
थाना इंचार्ज रामनाथ ने बताया कि भुंगारका में सरपंच राजेंद्र प्रसाद द्वारा फायर करने की सूचना मिली थी। एक गोली लक्ष्मीनारायण के पैर में लगी। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने मामले की गहनता से छानबीन आरंभ कर दी है।