दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुआ ऑटो।
नारनौल। शहरवासी उन्हाणी हादसे को भूले भी नहीं हैं और शनिवार को सीएल स्कूल बस और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में बच्चों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई, लेकिन ऑटो चालक को हल्की चोट लगी और ऑटो क्षतिग्रस्त भी हो गया। घटना के बाद ऑटो चालक को नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया। स्कूल बस व ऑटो की टक्कर की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही निजी स्कूल प्रबंधक भी मौके पर पहुंच गए।
शनिवार सुबह स्कूल बस में बच्चे जा रहे थे। इस दौरान महावीर चौक से रेलवे रोड की ओर ऑटो जा रहा था। वह पार्क गली के पास पहुंचा तो सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गया, जिसकी वजह से ऑटो के सीसा टूट गया और चालक को भी हल्की चोट लग गई। सीएल स्कूल के संचालक अमित गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह ऑटो के साथ हल्की भिड़ंत हुई थी। इसमें किसी भी छात्र व चालक को चोट नहीं आई है।