महेंद्रगढ़। आरपीएस स्कूल में रविवार को आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से 6227 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन द्वारा विशेष तैयारियां की गईं। हेल्प डेस्क के माध्यम से बच्चों व उनके अभिभावकों की शिक्षा से संबंधित हर प्रकार की शंका का समाधान किया गया। स्कूल की संगीत टीम ने सभी अभिभावकों को अपने मधुर गीत-संगीत के माध्यम से बांधे रखा। आरपीएस ग्रुप के सीईओ मनीष राव ने कहा कि आज आरपीएस ग्रुप अभिभावकों के विश्वास पर पूर्ण रूप से कायम है। इसी का नतीजा है कि आज ग्रुप के बच्चे शिक्षा ही नहीं खेल, आर्ट, कल्चर व विभिन्न जिला राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं सहित अन्य हर क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य यहां आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सर्वोत्तम शिक्षा उपलब्ध करवाना है, जिससे समाज के हर वर्ग के बच्चों का सपना पूरा कर सकें। इसी का नतीजा है कि एनटीएसई, मेडिकल, आईआईटी, एनडीए सहित अन्य क्षेत्र में आज आरपीएस के विद्यार्थी अग्रिम पंक्ति में नजर आ रहे हैं।
सीईओ मनीष राव ने अभिभावकों के समक्ष घोषणा की कि इस स्कॉलरशिप के आधार पर कक्षा 9वी से 11वीं तक के 120 बच्चों को हॉस्टल सहित पूर्ण शिक्षा निशुल्क दी जाएगी। इसके अलावा कक्षा तीसरी से 11वीं तक बच्चों को स्कॉलरशिप परीक्षा के आधार पर विशेष छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने कहा कि परीक्षा में कक्षा पहली से 11वीं तक के 6227 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में विशेष मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार स्कॉलरशिप दी जाएगी। परीक्षा परिणाम तैयार होने पर प्रत्येक अभिभावक के मोबाइल पर भेजा जाएगा। परीक्षा के सफल आयोजन में उप प्राचार्य दिनेश कुमार, विंग हैड देवेंद्र पूनिया, जिले सिंह, ममता यादव, अनीता अहलावत, डीन पवन तिवारी सहित समस्त स्टाफ सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।