महेंद्रगढ़। कोरोना महामारी ने पूरे देश को जकड़ रखा है। इस समय परिजन अपने मरीजों जान बचाने के लिए अस्पताल, ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इजेंक्शन तथा प्लाज्मा के लिए दौड़ रहे हैं। ऐसी ही स्थिति में महेंद्रगढ़ निवासी एवं डेरोली अहीर आईटीआई के इंचार्ज राकेश सैनी ने रेवाड़ी के निजी अस्पताल में सात दिन से आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही शहर की 60 वर्षीय महिला को अपना प्लाज्मा डोनेट किया। रात दस बजे राकेश के पास किसी परिचित का मैसेज आया तो वह उसी समय प्लाज्मा डोनेट के लिए निकल गए। राकेश सैनी ने बताया कि वो स्वयं 29 अप्रैल को कोरोना से रिकवर हुए हैं। जब वो स्वयं कोरोना संक्रमित थे तो उस समय ही उन्होंने मन बना लिया था कि अपना प्लाज्मा डोनेट कर किसी का जीवन बचाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव है। राकेश 13 बार रक्तदान भी कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सात दिन बाद प्लाज्मा दोबारा डोनेट किया जा सकता है तो वो फिर डोनेट करने को तैयार हैं। प्लाज्मा डोनेट करने से कोई भी कमजोरी नहीं आती। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस संकट की खड़ी में देश के साथ खड़े हों और कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके व्यक्ति अपना प्लाज्मा किसी जरूरतमंद को अवश्य डोनेट करें।