नारनौल। नारनौल में 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर मुकदमा रद्द करने की मांग की गई है। इसके लिए सर्व कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सीटीएम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन प्रदेश के 42400 अध्यापकों का एक संगठन है। संगठन ने सदैव नकल रहित परीक्षा संपन्न कराने में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का सहयोग कर रहा है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं की परीक्षाओं के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने के परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर झूठी एफआईआर करवा रहा है। ज्ञापन में संगठन ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समुचित सुरक्षा उपलब्ध नहीं होने के कारण बाहर हस्तक्षेप से प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं। प्रश्न पत्र लीक मामले में ड्यूटी स्टाफ को बिना संलिप्तता के उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव महेंद्र बोयत, जिला प्रधान कौशल कुमार, जिला सचिव राहुल सारण, महावीर प्रसाद, दिनेश आदि मौजूद रहे।