संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव आतरी में आपसी कहासुनी में सरपंच प्रतिनिधि पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का मामला सामने आया है। हालांकि निशाना चूकने से जान बच गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत नांगल चौधरी थाने में दी है। पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि की शिकायत पर एक नामजद के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत गांव आतरी निवासी बलवंत गुर्जर ने बताया कि उनकी पत्नी मुनेश गांव की सरपंच हैं। गांव के ही नोबतराम उर्फ अमित उर्फ एमएलए एक आवारा किस्म का युवक है। करीब एक सप्ताह पूर्व उसकी किसी बात को लेकर उससे कहासुनी हो गई थी। उसने सबक सिखाने के बात कही थी। शनिवार को वह अपने मित्र के भांजे सुरेंद्र निवासी डूमली खुर्द राजस्थान व गांव के सत्यबीर के साथ अपने कार्यालय में बैठा हुआ था। नोबतराम उर्फ अमित बाइक पर आया। उसके हाथ में देसी कट्टा था।
उसने सुरेंद्र व सत्यबीर को कार्यालय से बाहर कर दिया और खिड़की में से उसे जान से मारने की नीयत से देसी कट्टा से उस पर गोली चला दी, जोकि उसकी टांगों के बीच से दीवार पर जाकर लगी। वहीं फायर करते समय देसी कट्टा फट गया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से देसी कट्टा के पुर्जे कब्जे में लेकर पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।