महेंद्रगढ़। विभिन्न सरकारी योजनाओं को परिवार पहचान पत्र से जोड़ने के बाद अब बिजली कनेक्शन संबंधी जानकारी भी इसी पोर्टल से जोड़ी जा रही हैं। बिजली निगम परिवार पहचान पत्र से कनेक्शन जोड़ने के लिए डाटा अपडेट करने में जुट गया है।
इसके लिए बिजली निगम की टीमें गठित करके परिवार पहचान पत्र से कनेक्शन जोड़ने का कार्य कर रही है। योजना के तहत अब नए खुलासे भी सामने आने शुरु हो गए है। इनमें एक ही परिवार की तीन परिवार पहचान पत्र बने हुए है, इन पहचान पत्रों पर महज एक ही बिजली कनेक्शन लिया हुआ है। इससे बिजली निगम के कर्मचारियों को परिवार पहचान पत्र को बिजली कनेक्शन से जोड़ने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
निगम के कर्मचारी प्रत्येक कनेक्शन को आधार कार्ड व पीपीपी नंबर के सहारे बिजली निगम में डाटा अपडेट कर रहे हैं जो सीधे फैमिली आईडी से जुड़ेगा। भविष्य में सरकार के पास इसी पोर्टल पर बिजली संबंधी डाटा भी उपलब्ध रहेगा। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में कुल 37800 बिजली कनेक्शन है। इनमें 3400 ग्रामीण ट्यूबवैल कनेक्शन, 20200 ग्रामीण कनेक्शन, 14200 शहरी क्षेत्र में कनेक्शन। हरियाणा सरकार की ओर से कोई भी अनुदान, बिल माफी व अन्य योजना शुरू की जाती हैं तो उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिलेगा।
घर-घर जाएगी बिजली निगम की टीम
परिवार पहचान पत्र से बिजली कनेक्शन जोड़ने के लिए बिजली निगम की ओर से कार्य शुरू कर दी है। निगम ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लिए टीम बनाई जाे घर-घर जाएगी। शहरी क्षेत्र में हर वार्ड वाइज 15 कर्मचारियों की ड्यूटी व ग्रामीण क्षेत्र में हर गांव वाइज दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी घर-घर जाकर परिवार पहचान पत्र व आधार कार्ड के नंबर लेकर बिजली कनेक्शन को पोर्टल से जोड़ रहे हैं। इसी के आधार पर बिजली निगम की उपभोक्ताओं को बिजली बिल में छूट व अन्य सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा उपभोक्ता बिजली निगम कार्यालय में जाकर अपना कनेक्शन लिंक करवा सकता है।
इतने उपभोक्ताओं के हो चुके लिंक
महेंद्रगढ़ डिविजन के अंतर्गत पांच डिविजन आते है। पांच डिविजन में अब तक 23807 में से 12479 उपभोक्ताओं के बिल लिंक हो चुके है, जबकि 11328 उपभोक्ताओं के बिल पीपीपी से लिंक करना बाकी है। महेंद्रगढ़ शहरी क्षेत्र में 7196 उपभोक्ता के 3160 कनेक्शन लिंक किए जा चुके हैं।
डिविजन कुल कनेक्शन लिंक हुए पेडिंग
बुचावास 3701 2504 1197
शहर महेंद्रगढ़ 7196 3160 4036
महेंद्रगढ़ सब अर्बन 4367 2169 2198
कनीना 4805 2198 2607
सतनाली 3738 2448 1290
हरियाणा सरकार की ओर से बिजली कनेक्शन का परिवार पहचान पत्र से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत महेंद्रगढ़ में शहर में 15 कर्मचारी व गांवों में हर गांववार दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा दी जाने सुविधा का लाभ मिल सके। उपभोक्ता इसके लिए सहयोग करें।
-सुनील कुमार एसडीओ, बिजली निगम कार्यालय, महेंद्रगढ़।