नारनौल। लघु सचिवालय में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लगातार फील्ड में औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला महेंद्रगढ़ में 8 माइनिंग चल रही है। इसके अलावा कहीं भी माइनिंग नहीं होनी चाहिए। अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला में तीन जगह संयुक्त चैक पोस्ट लगाई जाए। इसके लिए जल्द जगह का चयन करें।
जिले के 12 स्कूलों में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड से 10 व 5 किलोवाट के रूफटॉप हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं। इनमें नेट मीटर लगना बाकी है। शेष काम लगभग पूरा हो गया है। इनमें बैटरी बैंक भी लगाया गया है। अब इन स्कूलों में अबाधित बिजली सप्लाई सुनिश्चित होगी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम कनीना सुरेंद्र सिंह, एसडीएम नारनौल डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी मयंक भारद्वाज, नगराधीश मंजीत सिंह, डीएसपी हरदीप सिंह तथा एमओ डाॅ. राजेश सहरावत के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इन स्कूलों में लगे रूफटॉप हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जिला के 12 स्कूलों में रूफटॉप हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट लगाए गए। उन्होंने बताया कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल शहबाजपुर, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेघोत बिंजा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बायल, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल धोलेड़ा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुसनोता, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोलवा, राजकीय माध्यमिक स्कूल दोस्तपुर, राजकीय माध्यमिक स्कूल दौखेरा, राजकीय स्कूल रावता की ढाणी, राजकीय माध्यमिक स्कूल पाचनोता, राजीव गांधी स्पोर्ट्स परिसर धोलेड़ा व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नियामतपुर में सोलर लगाया गया है।