नारनौल। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने परिवहन मंत्री की वादाखिलाफी के विरोध में 5 और 6 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। 26 अगस्त को मोर्चे ने नारनौल डिपो में प्रदर्शन कर परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मोर्चे के सदस्यों ने बताया कि 25 जुलाई को मंत्री ने मांगों पर 15 दिन में बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी बैठक नहीं बुलाई गई, जिससे कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में परिचालकों व चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना, जोखिम भत्ता देना और खाली पदों पर भर्ती शामिल है। 2016 व 2018 में भर्ती कर्मचारियों को पक्का करना और इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त करना भी उनकी मांगों में है। मोर्चे ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज होगा। संवाद