नारनौल। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी नारनौल की बैठक डिपो परिसर में डिपो प्रधान जितेंद्र स्याना की अध्यक्षता में हुई। इसमें वंचित चालकों को एरियर देने, बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराने की मांग की गई। मांगों से संबंधित मांगपत्र नारनौल डिपो महाप्रबंधक नवीन शर्मा को सौंपा गया।
मांगपत्र में वंचित कर्मचारियों को उनका वित्तीय और एसीपी का लाभ देने, वंचित चालकों को एरियर देने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि 37 चालकों में से सिर्फ 6-7 चालकों को एरियर का लाभ मिला है। नारनौल बस स्टैंड के बाहर से प्राइवेट बसें सवारी भरते हैं। इनका परमिट दिल्ली झुंझुनूं, दिल्ली, खेतड़ी तक का है। इन बसों की ट्रिप भी प्रतिदिन एक साइड की है और अड्डा पर्ची भी प्रतिदिन एक साइड की ही कटती है, लेकिन फिर भी यह बसें प्रतिदिन आ और जा रही हैं जिससे विभाग को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। सभी चालकों, परिचालकों व वर्कशॉप स्टाफ को एलटीसी का लाभ प्रदान किया जाए। जिस परिचालक को ड्यूटी सेक्शन में एक बार लगाया जा चुका है, उसको दोबारा ड्यूटी सेक्शन में नहीं लगाया जाए क्योंकि ऐसा करने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। इसलिए समय अनुसार बदल बदल कर वरिष्ठ कर्मचारियों को ही वरीयता दी जाए।
बैठक में नारनौल बस स्टैंड परिसर व कार्यशाला में लगे हुए सभी सीसीटीवी कैमरों ठीक कराने, वर्कशॉप स्थित शौचालय की मरम्मत कराने, वर्कशॉप स्टाफ को साबुन देने , वर्दी, जूता आदि का बकाया भुगतान करने की मांग की। चेताया कि 10 दिन के अंदर मांगों पर विचार नहीं किया गया तो रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। बैठक में नरेश कुमार, सुरेंद्र वकील, विकास यादव, महेंद्र सिंह, हरिसिंह, राकेश, अनूप सिंह, भूपेंद्र यादव, रविंद्र सिंह, संजीव कुमार, युद्धवीर फौजी, दीपू, पवन, नीरज, सोमबीर, मुकेश कुमार, रजनीश व नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।