संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। बाछौद स्थित हवाई पट्टी की सड़कों और वहां बने भवन की मरम्मत की जाएगी। यह काम पीडब्ल्यूडी बीएंडआर द्वारा करवाया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने टेंडर लगाया है। इस पर कुल 34.90 लाख की राशि खर्च की जाएगी। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर यह काम टेंडर देकर एजेंसी से करवाएगा, ताकि भविष्य में भी उसके लाइबलिटी पीरियड का फायदा लिया जा सके।
इसके लिए 28 अगस्त तक टेंडर मांगे गए हैं। उसके बाद 29 अगस्त को इसकी तकनीकी बिड खोली जाएंगी। तकनीकी बिड के बाद ही फाइनेंशियल बिड खोली जाती है और नियम व शर्तों पर खरी उतरने व कम रेट वाली फर्म को टेंडर दिया जाता है। सर्दी की शुरुआत होने से पहले ही यह काम पूरा करवाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आए।
नहरी पानी मिलेगा
बाछौद हवाई पट्टी का जल्द ही विस्तार होना है। यहां पर मूलभूत सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए अब बाछौद हवाई पट्टी को नहरी पानी योजना से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके लिए जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डीएनआईटी (डिटेल नोटिस इनवाइटिंग टेंडर) तैयार करवा दी गई है। इसके एस्टीमेट को भी मंजूरी मिल चुकी है।
पूरे प्रोजेक्ट पर करीबन एक करोड़ 4 लाख 25 हजार की राशि विभाग द्वारा खर्च की जाएगी। नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए विभाग की तरफ से पाइप लाइन डाली जाएगी। अंडर ग्राउंड व बाहर बड़ा वाटर टैंक का निर्माण किया जाएगा। पानी को साफ करने के लिए फिल्टर भी लगाया जाएगा। नहरी पानी मिलने के बाद साफ व स्वच्छ पानी मिलेगा। फिलहाल बोर से पानी की सप्लाई होती है।
40 साल पहले किया गया था पट्टी का निर्माण
नागरिक उड्डयन विभाग हरियाणा द्वारा करीब 40 साल पहले गांव बाछौद में हवाई पट्टी का निर्माण किया गया था। निर्माण के बाद से 2010 तक इस हवाई पट्टी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि समय-समय पर सीएम अन्य वीआईपी ने नारनौल आगमन पर यहां हवाई जहाज हेलीकॉप्टर उतरते रहे।
2010 में यहां पर प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार के सहयोग से एयरो स्पोर्ट्स सेंटर की स्थापना की गई थी, जिसके बाद यहां की हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन इसके बाद यहां पर फिर से एयरो स्पोर्ट्स सेंटर पर गतिविधियां बंद हो गई थीं। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 12 अक्तूबर 2021 को नारनौल में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के दौरान उन्होंने बाछौद में सिविल एविएशन की ओर से फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल खोले जाने की घोषणा की थी। इसके बाद यहां फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल खोला गया, जहां अब 65 बच्चे पायलट बनने की ट्रेनिंग ले रहे हैं।
बाछौद हवाई पट्टी पर वार्षिक मरम्मत का काम किया जाना है। इस पर 34.90 लाख की राशि खर्च होगी। इसका टेंडर लगा दिया गया है।
- अश्वनी कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, नारनौल।