सतनाली-दादरी मुख्य मार्ग पर गांव सोहड़ी के समीप सोमवार देर शाम सड़क किनारे पड़े कीकर के पेड़ से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक युवकों से लगभग 100 मीटर दूर जा गिरी। दोनों युवक सतनाली से कादमा की ओर जा रहे थे। सतनाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव ढ़ाणी भालोठ निवासी सुनील (27 वर्ष) पुत्र रोहताश सिंह रिश्ते में अपने भाई कादमा निवासी रामसिंह के साथ बाइक पर सवार होकर सतनाली की ओर जा रहा था। रात्रि करीब 8 बजे जब दोनों गांव सोहड़ी के पास पहुंचे तो उनकी बाइक सड़क किनारे पड़े कीकर के पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि पीछे बैठे रामसिंह को भी चोटें आई। रामसिंह ने हादसे की सूचना तुरंत कादमा में अपने परिजनों को दी। आनन फानन में मौके पर पहुंचे उसके परिजन घायलों को दादरी के सामान्य अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया वहीं रामसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने रामसिंह एवं परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।