नारनौल। क्षेत्र में मानसून का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। रविवार को सुबह से दाेपहर दो बजे तक हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। वहीं सायं को झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश के चलते मौसम सुहावना बना रहा। बारिश का लोगों ने जमकर लुप्त उठाया। बारिश से लोगों को उमस भरी भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर के विभिन्न मोहल्लों व बाजारों में जलभराव हो जाने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हल्की बारिश खरीफ फसलों के लिए भी लाभदायक मानी जा रही है। बारिश के चलते नारनौल का अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 29.6 पर पहुंच गया। वहीं रात्रि तापमान भी 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ 25.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। जिले में पिछले 24 घटे के दौरान नारनौल में 25.0 मिलीमीटर, महेंद्रगढ़ में 53.5 मिलीमीटर, सतनाली में 20.0 मिलीमीटर अटेली में 19.0 मिलीमीटर और नांगल चौधरी में 23.0 मिलीमीटर और कनीना में 17.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिले में औसतन 27 एमएम बरसात दर्ज की गई है।
बता दें कि गत दो-तीन दिन से क्षेत्र में लगातार बादलवाही देखने को मिल रही है। कुछ स्थानाें पर बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिली। मगर मानसूनी बारिश के अभाव में उमस भरी भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। रविवार को सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिली। सायं करीब साढ़े पांच बजे एक बार फिर से आसमान में काली घटाए छाने के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है तो जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
हल्की बारिश में शहर के विभिन्न स्थानों पर हुआ जलभराव
शहर में बरसाती पानी की निकासी सही नहीं होने के कारण हल्की बारिश में जलभराव की समस्या बन जाती है। रविवार को हुई हल्की बारिश में शहर की पार्क गली, नगर परिषद के सामने, रेस्ट हाउस के सामने, मोहिनी गली, नलापुर, टीबी अस्पताल के पास, मोहल्ला रावका, जलामपुर, सैन चौक सहित पुस्तक गली आदि स्थानों जलभराव हो गया। जिसमें विशेषक राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि नगर परिषद नारनौल द्वारा शहर में नालों की सफाई का अभियान चलाया हुआ है। इसके बावजूद भी हल्की भी हल्की बारिश में शहर में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है।
बारिश में शोरूम के बाहर लगे मीटर में लगी आग
रविवार को हुई बारिश में महावीर चौक स्थित एक इलेक्ट्रानिक्स के शोरूम के बाहर लगे बिजली मीटर में आग लग गई। शोरूम मालिक आशीष चौधरी ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे से उनके मीटर में स्पार्किंग सी हो रही थी। जिसके बाद उन्होंने बिजली निगम में फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। मगर कर्मचारियों ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। जिस पर हाई वोल्टेज से पूरे मीटर में आग लग गई और एकदम से मीटर फट गया। शोरूम के कारिंदों ने आग बुझाने के यंत्रों से आग बुझाई गई। ऐसे में यदि आगजनी और बढ़ जाती तो नुकसान हो सकता था।