नारनौल। स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले की मेरिट सूची का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को इंतजार समाप्त हो गया है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी है। इस सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक अपनी फीस जमा करवानी होगी। विभागीय निर्देशानुसार इस बार स्नातकोत्तर की एक ही मेरिट सूची जारी होगी। शहर में मुख्य रूप से राजकीय महिला महाविद्यालय व पीजी कॉलेज नारनौल है। इनमें पीजी कॉलेज में जिले के सभी कॉलेज में से सबसे अधिक 13 स्नातकोत्तर कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। जबकि महिला महाविद्यालय नारनौल कुल छह कोर्स संचालित है।
कॉलेजों में पीजी कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हुई जोकि आठ अगस्त तक चली। इस बार दोनों ही कॉलेजों में कुल सीटों के मुकाबले तीन से चार गुणा अधिक आवदेन आए हैं। पीजी कॉलेज नारनौल में 13 पीजी कोर्स के लिए 3236 आवेदन आए है। जबकि महिला महाविद्यालय नारनौल में छह कोर्स के लिए 806 आवेदन आए हैं जोकि सीटों के मुकाबले लगभग तीन से चार गुना अधिक है। जिसके चलते पीजी कॉलेज में एमएससी जूलॉजी संकाय की ऑल इंडिया ओपन वर्ग में सबसे अधिक 92.79 प्रतिशत मेरिट रही। इस प्रकार उक्त संकाय में दाखिले के लिए मारामारी रहेगी।
विभाग द्वारा स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले की पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई। इस सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को आगामी 14 अगस्त तक अपनी ऑनलाइन फीस जमा करवाकर उसकी रसीद कॉलेज में जमा करवानी होगी। इसके बाद ही विद्यार्थी का दाखिला कंफर्म माना जाएगा। -डॉ. सतीश सैनी, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय पीजी कॉलेज, नारनौल।