महेंद्रगढ़। पूर्व मंत्री प्रो.रामबिलाश शर्मा ने वीरवार को महेंद्रगढ़ नगरपालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन रमेश सैनी के साथ चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने पार्टी उम्मीदवार की जीत की खुशी में मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित चेयरमैन रमेश सैनी और प्रो. रामबिलास शर्मा को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार महेंद्रगढ़ शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित चेयरमैन रमेश सैनी को सभी पार्षदों के साथ तालमेल बैठाकर शहर के विकास के लिए काम करने की नसीहत दी। प्रो. शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि रमेश सैनी ने 4398 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। प्रो. शर्मा ने कहा कि महेंद्रगढ़ के मतदाताओं ने रमेश सैनी को जिताकर केंद्र व हरियाणा सरकार की नीतियों पर मोहर लगाई है।